पंचायतों के जनादेश ने दिया सुक्खू सरकार की उल्टी गिनती का संकेत : बिक्रम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
पंचायतों के जनादेश ने दिया सुक्खू सरकार की उल्टी गिनती का संकेत : बिक्रम ठाकुर


धर्मशाला, 10 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मंत्री एवं जसवां-प्रागपुर के विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने प्रदेश में संपन्न पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव परिणामों को कांग्रेस सरकार के लिए गंभीर राजनीतिक चेतावनी करार दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 2027 में मिशन रिपीट के सपने देख रहे हैं, लेकिन पंचायत चुनावों ने उनकी सरकार को जमीनी हकीकत का आईना दिखा दिया है।

वीरवार को जारी एक प्रेस बयान में बिक्रम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के अपने गृह जिले में सरकार समर्थित उम्मीदवारों को मिले झटके के बाद अब शिमला जैसे महत्वपूर्ण जिले में भी जिस तरह का जनादेश सामने आया है, वह कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर जनता की मुहर है। उन्होंने कहा कि सत्ता के गलियारों में बैठकर मिशन रिपीट की रणनीति बनाने और गांव की चौपाल पर जनता के बीच जाकर उसकी नब्ज समझने में जमीन-आसमान का अंतर है।

उन्होंने कहा कि शिमला जिले में कांग्रेस सरकार के पास राजनीतिक और प्रशासनिक प्रभाव की कोई कमी नहीं है। सरकार के कई मंत्री, विधायक, चेयरमैन, ओएसडी और पार्टी संगठन से जुड़े बड़े नेता पूरी ताकत के साथ मैदान में थे। इसके बावजूद यदि सत्तापक्ष समर्थित उम्मीदवारों को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला तो मुख्यमंत्री को इसे महज चुनावी परिणाम समझने की भूल नहीं करनी चाहिए। यह जनता का संदेश है कि सरकार के कामकाज और नीतियों से लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story