घोषणाओं की राजनीति नहीं, धरातल पर सड़कों की मरम्मत कराएं विधायक : अरविंद सिंह चौधरी

WhatsApp Channel Join Now


धर्मशाला, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी अरविंद सिंह चौधरी ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुई ग्रामीण एवं संपर्क सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया को आड़े हाथों लेते हुए दो टूक कहा कि विधायक घोषणाओं की राजनीति करने के बजाय धरातल पर उतरकर जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में अरविंद सिंह चौधरी ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अनेक गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ने वाली संपर्क सड़कें बरसात के कारण जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। कई स्थानों पर सड़कें गड्ढों, मलबे और कीचड़ से बदहाल हैं। ऐसी स्थिति में वाहन चलाना तो मुश्किल है ही, कई जगह पैदल आवाजाही भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।

उन्होंने विधायक को नसीहत देते हुए कहा कि जनता अब केवल घोषणाएं और आश्वासन नहीं, बल्कि सड़कों पर दिखाई देने वाला विकास चाहती है। विधायक को अपने क्षेत्र में निकलकर वास्तविक स्थिति का जायजा लेना चाहिए और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत युद्धस्तर पर करवानी चाहिए।

चौधरी ने कहा कि राजनीति घोषणाओं के सहारे नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुख में खड़े होकर और धरातल पर काम करके साबित होती है। आज जरूरत फोटो और घोषणाओं की राजनीति करने की नहीं, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर आम जनमानस की परेशानियों को समझने और उनका समाधान करने की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story