विदेशी ताकतों और टूलकिट के सहारे सत्ता परिवर्तन का सपना देख रही कांग्रेस : सुधीर शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
विदेशी ताकतों और टूलकिट के सहारे सत्ता परिवर्तन का सपना देख रही कांग्रेस : सुधीर शर्मा


धर्मशाला, 02 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडी गठबंधन की रैली और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार चुनी है, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जनादेश का सम्मान करने के बजाय देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।

सोमवार को जारी एक प्रेस बयान में सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। देश विकास, आधारभूत ढांचे, तकनीक और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें विदेशी सहयोगियों, विदेशी फंडिंग और बाहरी टूलकिट के सहारे भारत की प्रगति रोकने तथा सत्ता परिवर्तन का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तो केवल एक बहाना हैं। कांग्रेस का वास्तविक राजनीतिक उद्देश्य संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाकर देश में सत्ता परिवर्तन का वातावरण तैयार करना है। लेकिन भारत की जागरूक जनता ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देगी।

सुधीर शर्मा ने राहुल गांधी के उस बयान पर आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने चुनावी जवाबदेही तय करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक जिम्मेदारी निर्धारित करने की बात कही।

सुधीर शर्मा ने दावा किया कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली अपेक्षित जनसमर्थन जुटाने में विफल रही। उन्होंने कहा कि देशभर में पार्टी पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को रैली में पहुंचने के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली दिखाई दीं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति भारत की प्रगति को रोक नहीं पाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771213 Articles

Share this story