हिमाचल प्रदेश में झूठी सरकार मॉडल लागू कर रही सुक्खू सरकार : विश्व चक्षु
धर्मशाला, 12 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार हिमाचल प्रदेश में तथाकथित झूठी सरकार का मॉडल लागू कर रही है, जहां आर्थिक संकट के चलते कर्मचारियों और अधिकारियों के वेतन को डेफर करने की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
रविवार को जारी एक प्रेस बयान में विश्व चक्षु ने इस घटनाक्रम को प्रदेश के इतिहास में अभूतपूर्व और शर्मनाक बताते हुए कहा कि आर्थिक मोर्चे पर वर्तमान सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य की वित्तीय स्थिति गंभीर रूप से डगमगा गई है और अब हालात ऐसे बन गए हैं कि न केवल कर्मचारियों बल्कि जनप्रतिनिधियों के वेतन पर भी संकट उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने वर्तमान शासनकाल में भ्रष्टाचार के बढ़ते मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकार के गंभीर आरोप हिमाचल के इतिहास में पहले कभी नहीं लगे। भाजपा का एकमात्र लक्ष्य इस भ्रष्ट और जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकना है।
चेस्टर हिल प्रकरण पर बोलते हुए विश्व चक्षु ने कहा कि इस मामले में धारा 118 के उल्लंघन के साथ-साथ बेनामी लेनदेन की स्पष्ट संभावना है।
ऋण के आंकड़ों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के पांच वर्षों में लगभग 19 हजार करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था, जबकि वर्तमान सरकार ने मात्र सवा वर्ष में 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज लिया है, जिससे कुल ऋण 1.10 लाख करोड़ रुपये के पार पंहुच गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

