देहरा ब्यास पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही पर एक माह तक प्रतिबंध

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 14 अगस्त (हि.स.)। कांगड़ा जिला के देहरा में ब्यास नदी पर स्थित पुल की सुरक्षा के दृष्टिगत 15 अगस्त से 14 सितम्बर तक भारी वाहनों की आवाजाही पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगी। उपायुक्त कांगड़ा हेम राज बैरवा ने बताया कि यह निर्णय राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ पुल की वर्तमान स्थिति पर विचार-विमर्श करने के उपरांत लिया गया है। पुल की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लोगों की सुरक्षा की वजह से यह निर्णय लिया गया है।

उपायुक्त ने बताया कि देहरा ब्यास पुल से अधिकतम 19 मीट्रिक टन तक भार वाले वाहनों को ही पुल पार करने की अनुमति होगी। जबकि इससे अधिक भार वाले वाहनों को आवागमन के लिए चम्बापत्तन एवं नादौन पुल का वैकल्पिक मार्ग के तौर पर उपयोग करना होगा।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि निर्धारित प्रतिबंधों का पालन करें तथा प्रशासन द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story