भैया दूज पर महिलाओं को एचआरटीसी बसों में मिलेगी मुफ्त यात्रा की सुविधा

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 10 नवंबर (हि.स.)।

भैया दूज के अवसर पर बुधवार को हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। 11 नवंबर को महिलाएं सूर्योदय से सूर्यास्त तक निगम की नियमित समय-सारणी के अनुसार चलने वाली साधारण बसों में बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी। एचआरटीसी धर्मशाला मंडल के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्डा ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि भैया दूज पर महिलाओं को अपने मायके और भाइयों के घर पहुंचने में सुविधा देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की ओर से यह व्यवस्था की गई है। इससे पहले रक्षाबंधन के अवसर पर भी महिलाओं को निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई थी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सुविधा केवल हिमाचल प्रदेश की सीमा के भीतर चलने वाली एचआरटीसी की साधारण बसों में ही मान्य होगी। इसके तहत निगम की नियमित समय-सारणी के अनुसार संचालित बसों में महिलाएं सूर्योदय से सूर्यास्त तक निशुल्क सफर कर सकेंगी। विशेष बसों के बजाय यह सुविधा नियमित शेड्यूल वाली साधारण बस सेवाओं में लागू रहेगी। इससे त्योहार पर बहनों को अपने भाइयों के घर आने-जाने में राहत मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story