बार एसोसिएशन धर्मशाला ने लिया पंजाब-हरियाणा के आंदोलन को समर्थन देने का फैसला

WhatsApp Channel Join Now
बार एसोसिएशन धर्मशाला ने लिया पंजाब-हरियाणा के आंदोलन को समर्थन देने का फैसला


धर्मशाला, 31 जुलाई (हि.स.)। कांगड़ा जिला बार एसोसिएशन धर्मशाला ने लीगल एड डिफेंस काउंसिल की नियुक्ति संबंधी नीति के विरोध में बड़ा निर्णय लिया है। शुक्रवार को आयोजित सामान्य सभा (जनरल हाउस) की आपातकालीन बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पंजाब एवं हरियाणा की बार काउंसिल्स द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की गई। बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने की। इसमें संयुक्त संघर्ष समिति (ज्वाइंट एक्शन कमेटी) के प्रतिनिधिमंडल के साथ-साथ जिला बार एसोसिएशन, होशियारपुर (पंजाब) के सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में लीगल एड के तहत रक्षा पक्ष के अधिवक्ताओं (डिफेंस काउंसिल) की नियुक्ति संबंधी नई नीति पर विस्तार से चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि कांगड़ा जिला बार एसोसिएशन इस नीति का विरोध करेगा तथा पंजाब एवं हरियाणा की बार काउंसिल्स के आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति और आवश्यक कदम एसोसिएशन की अगले जनरल हाउस में निर्धारित किए जाएंगे। बार एसोसिएशन के इस फैसले को अधिवक्ताओं की एकजुटता और न्यायिक व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर साझा आवाज के रूप में देखा जा रहा है। इससे प्रदेश के अन्य बार एसोसिएशनों के भी इस आंदोलन में शामिल होने की संभावना बढ़ गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story