रक्षा पेंशनरों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान पहली से 30 नवंबर तक

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 28 अक्टूबर (हि.स.)। रक्षा पेंशनरों एवं फैमिली पेंशनरों की वार्षिक पहचान सुनिश्चित करने तथा उनकी पेंशन संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए स्पर्श सेवा केंद्र धर्मशाला, योल छावनी एवं पालमपुर छावनी में राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान का आयोजन पहली से 30 नवंबर, 2026 तक किया जाएगा।

स्पर्श सेवा केंद्र धर्मशाला, योल छावनी एवं पालमपुर छावनी के प्रभारी राजकुमार, योगेश शर्मा एवं शिवदयाल सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत रक्षा पेंशनर अपनी वार्षिक पहचान की प्रक्रिया पूरी करवाने के साथ-साथ पेंशन एवं फैमिली पेंशन से संबंधित शिकायतों का समाधान भी करवा सकते हैं। अभियान का उद्देश्य पेंशनरों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध करवाना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि अभियान का लाभ उठाने के लिए पेंशनर अपने साथ पेंशन बुक, डिस्चार्ज बुक, पहचान पत्र, बैंक पासबुक, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), आधार कार्ड तथा शिकायत से संबंधित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रतियां अवश्य लेकर आएं। इसके अतिरिक्त, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए आधार से लिंक मोबाइल फोन भी साथ लाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने सभी रक्षा पेंशनरों एवं फैमिली पेंशनरों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि के दौरान संबंधित स्पर्श सेवा केंद्रों में पहुंचकर अपनी वार्षिक पहचान की प्रक्रिया पूरी करवाएं तथा पेंशन संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story