योल छावनी बोर्ड से पंचायत में शामिल लोगों ने लगाई हाउस टैक्स माफ करने की गुहार

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 07 मई (हि.स.)।

जिला मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते योल क्षेत्र में योल छावनी बोर्ड के पेंडिंग हाऊस टेक्स की अदायगी किए जाने के निर्देशों पर स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। छावनी के तहत नरवाणा खास, टिका बणी, लहसर और चतेहड़ पंचायत के लोगों ने वीरवार को इस संबंध में उपायुक्त कांगड़ा के माध्यम से सरकार को एक ज्ञापन प्रेषित कर टैक्स माफ किये जाने की बात रखी है।

योल निवासी विजय आनंद, ज्ञान चंद व रिटायर्ड कैप्टन एए खान सहित अन्य लोगों ने कहा कि योल के पंचायत बनने के बाद टैक्स थोपा गया है। प्रशासन की ओर से एक सप्ताह पहले ही इस तरह के निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि हम चुनाव करवाने के पक्ष में हैं, लेकिन हाऊस टैक्स के फैसले को वापिस लेना होगा जोकि डेढ़ लाख से 30 हजार रुपए तक पेडिंग चल रहा है। छावनी बोर्ड बनने के बाद ही टेक्स हटना चाहिए था। ये टैक्स 2008 से पेंडिंग चल रहा है, जबकि वह पिछले तीन साल से पंचायत में है। सरकार की ओर से ये टेक्स कम किया जाना चाहिए। जिससे उन्हें पंचायत चुनाव में मौका मिल सके। उन्होंने कहा कि अब एनओसी न मिलने से आजादी के बाद पहली बार उन्हें चुनाव से वंचित रहना पड़ सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story