नगर निगम चुनावी रण में उतरेंगे पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, धर्मशाला में चुनावी माहौल को देंगे धार
धर्मशाला, 13 मई (हि.स.)। नगर निगम चुनावों के बीच भाजपा ने अपने चुनाव प्रचार अभियान को और तेज करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर को मैदान में उतार दिया है। अनुराग ठाकुर 14 मई को कांगड़ा और धर्मशाला में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि अनुराग ठाकुर का हिमाचल प्रदेश विशेषकर युवा वर्ग और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत जनाधार है और उनके चुनाव प्रचार में उतरने से नगर निगम चुनावों में भाजपा को और मजबूती मिलेगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार अनुराग ठाकुर 14 मई को दोपहर 12:30 बजे बैजनाथ (कांगड़ा) के पंडोल रोड में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे धर्मशाला के कोतवाली बाजार स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
भाजपा नेताओं का कहना है कि नगर निगम चुनावों में भाजपा का प्रचार अभियान लगातार गति पकड़ रहा है और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की सक्रिय भागीदारी से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है। अनुराग ठाकुर की जनसभा को लेकर धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
भाजपा का मानना है कि केंद्र सरकार की उपलब्धियों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के स्थानीय विजन डॉक्यूमेंट को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि नगर निगम चुनावों में भाजपा विकास, पारदर्शिता और बेहतर शहरी सुविधाओं के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि धर्मशाला नगर निगम सहित अन्य शहरी निकायों में जनता कांग्रेस सरकार की कार्यशैली से निराश है और भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल बन रहा है। ऐसे में अनुराग ठाकुर का चुनाव प्रचार अभियान भाजपा के लिए और ऊर्जा लेकर आएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

