हिमाचल को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री प्रतिबद्ध : केवल सिंह पठानिया
धर्मशाला, 12 नवंबर (हि.स.)। चिट्टा मुक्त हिमाचल के संकल्प को जन आंदोलन का स्वरूप देने और युवा पीढ़ी को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में हारचक्कियां से गुब्बर तक एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया गया। उपयुक्त प्रौद्योगिकी केंद्र, शाहपुर के सौजन्य से आयोजित इस जागरूकता अभियान को उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पठानिया स्वयं भी विद्यार्थियों और आमजन के साथ वॉकथॉन में शामिल हुए और चिट्टा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे।
वॉकथॉन में राजकीय महाविद्यालय लंज, पीएमश्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हारचक्कियां, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मनेई सहित आईटीआई हारचक्कियां के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों ने भी अभियान में सहभागिता निभाई। प्रतिभागियों ने नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां लेकर तथा चिट्टे के विरुद्ध नारे लगाकर आमजन को जागरूक किया।
केवल सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने जीवन में सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का संकल्प बनाना होगा। विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
पठानिया ने कहा कि चिट्टा समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और इसके नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

