एंटी चिट्टा दिवस पर कांगड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों को किया आग के हवाले

WhatsApp Channel Join Now
एंटी चिट्टा दिवस पर कांगड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों को किया आग के हवाले


धर्मशाला, 26 जून (हि.स.)। प्रदेशव्यापी 'एंटी-चिट्टा जन-आंदोलन' के अंतर्गत चिट्टा-मुक्त हिमाचल के संकल्प को साकार करने हेतु हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस को पूरे प्रदेश में 'एंटी-चिट्टा दिवस' के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जिला कांगड़ा पुलिस ने राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस अधिनियम के 73 मामलों में जब्त मादक पदार्थों को आग के हवाले किया।

इस दौरान नशे की बड़ी खेप को गगल थाना क्षेत्र स्थित डुघियारी के सुरक्षा बायो सैनिटाइजर इंसिनरेटर में वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 15.974 किलोग्राम चरस, 27.66 ग्राम चिट्टा, 3.344 किलोग्राम भुक्की, 907 नशीली गोलियां तथा 186 अफीम के पौधे शामिल थे।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल जब्त मादक पदार्थों का सुरक्षित निस्तारण करना नहीं, बल्कि ड्रग माफिया को स्पष्ट संदेश देना, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना तथा समाज की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story