एंबुलेंस कर्मियों ने निकाली आक्रोश रैली, हड़ताल से लोगों की बढ़ी परेशानी
धर्मशाला, 27 दिसंबर (हि.स.)।
जिला कांगड़ा 108 व 102 एंबुलेंस यूनियन की शनिवार को दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रही। इस दौरान एम्बुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने जिला मुख्यालय धर्मशाला में आक्रोश रैली भी निकाली। यूनियन के जिला प्रधान प्रशांत ने कहा कि यूनियन ने इससे पहले भी मई और अक्टूबर माह में यूनियन हड़ताल कर चुकी है, ताकि सरकार जागे और हमें हमारे अधिकार दे। ओवरटाइम, न्यूनतम वेतन, छुट्टियों का प्रावधान है, किसी भी मांग को नहीं माना जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 108 व 102 के प्रदेश भर में 1300 के करीब कर्मचारी हैं, जिनका कंपनी द्वारा शोषण किया जा रहा है। सीटू के साथ जुडऩे के साथ ही कर्मचारियों का शोषण शुरू कर दिया गया है, क्योंकि कंपनी को लगता है कि कर्मचारी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुके हैं। हालांकि एंबुलेंस कर्मी बेहद सावधानी से वाहन चलाते हैं, इसके बावजूद कोई गलती होने पर कर्मी यानी चालक को सोलन बुलाया जाता है। यही नहीं ऐसे कर्मी या तो ट्रांसफर कर दी जाती है या फिर ट्रांसफर कर दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि न कंपनी हमारी सुन रही है और सरकार भी मांगों को अनदेखा कर रही है। उन्होंने कहा कि हड़ताल के चलते एंबुलेंस सेवा ठप होने की वजह से हालांकि जनता को परेशानी हुई, लेकिन हम भी मजबूर हैं, अपनी मांगों के लिए ही हमें सड़कों पर उतरने को विवश होना पड़ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

