कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार की जद में आने वाले 70-80 परिवारों को उचित मुआवजे की मांग, डीसी से मिले प्रभावित

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 21 अगस्त (हि.स.)। कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार की जद में आने वाले गगल पंचायत लाइन के करीब 70-80 परिवारों की मुआवजे और पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आरएंडआर) की मांग को लेकर शुक्रवार को दामिनी कटोच के नेतृत्व में प्रभावित परिवार उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर लंबे समय से यहां रह रहे परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से दामिनी कटोच ने बताया कि पंचायत लाइन में रहने वाले करीब 70-80 परिवार पिछले 60-70 वर्षों से यहां रह रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार की ओर से भी इन परिवारों को जमीनें आवंटित की गई थीं। ऐसे में एयरपोर्ट विस्तार के कारण प्रभावित होने वाले इन परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे को लेकर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

दामिनी कटोच ने बताया कि उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल से पुराने दस्तावेज और संबंधित फाइलें प्रस्तुत करने को कहा है। इन दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और मामला मुख्यमंत्री के समक्ष भी रखा जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रभावित परिवारों को उचित आर एंड आर पैकेज और मुआवजा मिलेगा।

उन्होंने सरकार से मांग की कि पंचायत लाइन के इन परिवारों की स्थिति को देखते हुए उचित मुआवजा, पुनर्वास और पुनर्स्थापन की व्यवस्था की जाए, ताकि एयरपोर्ट विस्तार के कारण प्रभावित होने वाले परिवारों को अपने भविष्य को लेकर असुरक्षा का सामना न करना पड़े। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story