पालमपुर एवं ग्वालियर कृषि विश्वविद्यालयों के मध्य समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित

WhatsApp Channel Join Now
पालमपुर एवं ग्वालियर कृषि विश्वविद्यालयों के मध्य समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित


धर्मशाला, 30 मई (हि.स.)। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर ने शनिवार को राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर के साथ शिक्षण, अनुसंधान एवं प्रसार शिक्षा के क्षेत्रों में सहयोग को सुदृढ़ करने हेतु एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य दोनों कृषि विश्वविद्यालयों के मध्य संयुक्त शैक्षणिक गतिविधियों, सहयोगात्मक अनुसंधान कार्यक्रमों, वैज्ञानिक ज्ञान के आदान-प्रदान तथा प्रसार कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करना है। यह समझौता प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के आदान-प्रदान कार्यक्रमों को भी बढ़ावा देगा, जिससे शैक्षणिक अनुभव, अनुसंधान सहयोग एवं संस्थागत सहभागिता को सुदृढ़ किया जा सकेगा।

समझौता ज्ञापन पर पालमपुर विश्वविद्यालय के अनुसंधान निदेशक तथा ग्वालियर कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक शिक्षा एवं छात्र कल्याण डॉ. प्रदीप कुमार ने विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति डॉ. ए.के. पांडा, प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. विनोद शर्मा तथा सह-निदेशक अनुसंधान की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर कुलपति डॉ. ए.के. पांडा ने कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों के मध्य सहयोगात्मक प्रयास नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सतत कृषि विकास को सुदृढ़ करने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह साझेदारी सहयोगात्मक अनुसंधान, क्षमता निर्माण तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करेगी।

दोनों संस्थानों के अधिकारियों ने इस समझौता ज्ञापन को विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं एवं कृषक समुदाय के हित में कृषि विज्ञान एवं संबद्ध क्षेत्रों में पारस्परिक सहयोग तथा विशेषज्ञता के आदान-प्रदान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story