कृषि विश्वविद्यालय में चारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
कृषि विश्वविद्यालय में चारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित


धर्मशाला, 24 अगस्त (हि.स.)। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर में चारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गद्दी नस्ल की बकरियों के लिए गुणवत्तापूर्ण हरे चारे की उपलब्धता बढ़ाना तथा टिकाऊ पशुपालन को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के पशुधन फार्म परिसर में 20 चारा वृक्षों का रोपण किया गया। इस पहल से परियोजना के अंतर्गत रखी जा रही गद्दी बकरियों के लिए पौष्टिक चारे की दीर्घकालिक उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. (मेजर सेवानिवृत्त) अवनिंदर कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. पंकज सूद विशिष्ट अतिथि रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने बदलती जलवायु परिस्थितियों में पशुधन के लिए पौष्टिक चारे की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने में चारा वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चारा वृक्षारोपण से न केवल पशुओं के लिए चारा सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और टिकाऊ पशुपालन को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम के माध्यम से विश्वविद्यालय ने देशी गद्दी बकरी नस्ल के संरक्षण एवं आनुवंशिक सुधार के साथ-साथ पशुपालकों के लिए चारा संसाधनों को मजबूत करने और क्षेत्र में टिकाऊ पशुपालन को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर पशु आनुवंशिकी एवं प्रजनन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुभाष वर्मा तथा पशुधन फार्म परिसर के विभागाध्यक्ष डॉ. एस. कटोच सहित परियोजना के कर्मचारी एवं विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story