पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय में सेना के जेसीओ एवं समकक्ष अधिकारियों का प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संपन्न
धर्मशाला, 09 अक्टूबर (हि.स.)। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर में भारतीय सशस्त्र बलों के जूनियर कमीशंड अधिकारियों (जेसीओ) एवं समकक्ष अधिकारियों के लिए आयोजित 16 सप्ताह का प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गया। “कृषि वानिकी, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन एवं बकरी पालन” विषय पर आधारित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारतीय सेना के 28 तथा भारतीय नौसेना के एक अधिकारी सहित कुल 29 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 जून, 2026 को आरंभ हुआ था।
समापन समारोह में विश्वविद्यालय के निदेशक प्रसार शिक्षा प्रो. जनार्दन सिंह मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। अपने संबोधन में उन्होंने व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने के लिए निरंतर सीखने और कौशल विकास के महत्व पर बल दिया। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल का अपने भविष्य के कार्यों में प्रभावी उपयोग करने का आह्वान किया।
समारोह में अनुसंधान निदेशक डॉ. विनोद शर्मा, छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. जय देव, सह निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. सोनिया सूद, डॉ. बी. एन. सिन्हा, डॉ. सुमन कुमार, डॉ. लव भूषण तथा डॉ. बृज वनिता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से जुड़े अपने अनुभव एवं प्रतिक्रियाएं भी साझा कीं। भारतीय सेना के सूबेदार जय करण, सूबेदार (मानद लेफ्टिनेंट) हिमाल पुन तथा भारतीय नौसेना के पेटी ऑफिसर मरीन इंजीनियरिंग (पीओ एमई) रजत धीमान ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के संबंध में अपने विचार रखे और प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

