कृषि विश्वविद्यालय में पशु चिकित्सा अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
कृषि विश्वविद्यालय में पशु चिकित्सा अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित


धर्मशाला, 25 सितंबर (हि.स.)। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर द्वारा हिमाचल प्रदेश के पशु चिकित्सा अधिकारियों के लिए पशुओं के प्रजनन स्वास्थ्य, बांझपन निदान एवं क्षेत्रीय स्तर पर प्रबंधन विषय पर तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. जी. सी. नेगी पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के पशु चिकित्सा स्त्री रोग एवं प्रसूति विभाग द्वारा किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पशु चिकित्सा अधिकारियों की नैदानिक निर्णय लेने की क्षमता तथा व्यावहारिक कौशल को सुदृढ़ करना था।

प्रशिक्षण के समापन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. (मेजर) अवनिंदर कुमार मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने विभाग द्वारा विशेष प्रशिक्षण आयोजित करने के प्रयासों की सराहना की तथा प्रशिक्षण में भाग लेने वाले पशु चिकित्सा अधिकारियों से प्राप्त सकारात्मक प्रतिक्रिया का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से हिमाचल प्रदेश में पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन प्रबंधन की क्षमता को मजबूत करने में सहायता मिलेगी।

प्रशिक्षण में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से 10 पशु चिकित्सा अधिकारियों ने भाग लिया। पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता-सह-प्रशिक्षण प्रभारी प्रो. (डॉ.) पंकज सूद ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राज्य में पशुओं की प्रजनन संबंधी समस्याओं के समाधान तथा पशु प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया। विभाग के संकाय सदस्यों डॉ. अमित शर्मा, डॉ. प्रवेश कुमार, डॉ. अंकित आहूजा एवं डॉ. अक्षय शर्मा ने विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों का संचालन किया तथा प्रतिभागियों को पशुओं के प्रजनन स्वास्थ्य एवं बांझपन प्रबंधन से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story