कृषि विश्वविद्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर विशेष व्याख्यान आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
कृषि विश्वविद्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर विशेष व्याख्यान आयोजित


धर्मशाला, 08 सितंबर (हि.स.)। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर द्वारा ‘सरदार@150 समारोह’ एवं ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के लिए “सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन, नेतृत्व एवं विरासत” विषय पर मंगलवार को एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के महान राष्ट्रीय नेताओं के जीवन एवं योगदान से परिचित कराना था।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संगठन, द्वारा डॉ. जय देव, छात्र कल्याण अधिकारी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय समुदाय को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, नेतृत्व, मूल्यों एवं राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान पर चिंतन करने का अवसर मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता डॉ. ए.डी. बिंद्रा ने की।

विशेष व्याख्यान को डॉ. शोभना राधाकृष्ण, ट्रस्टी, लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय स्मारक न्यास सलाहकार, गांधीपीडिया, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार तथा मुख्य कार्यकारी, गांधीवादी फोरम फॉर एथिकल कॉरपोरेट गवर्नेंस, स्टैंडिंग कॉन्फ्रेंस ऑफ पब्लिक एंटरप्राइज, नई दिल्ली ने संबोधित किया। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, नेतृत्व एवं विरासत पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए राष्ट्र के एकीकरण, नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दृष्टिकोण तथा देश की एकता एवं अखंडता के प्रति उनके समर्पण को रेखांकित किया। उन्होंने समकालीन भारत के संदर्भ में सरदार पटेल के आदर्शों की प्रासंगिकता पर भी प्रकाश डाला। व्याख्यान के उपरांत कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. ए. डी. बिंद्रा ने डॉ. शोभना राधाकृष्ण को सम्मानित भी किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story