नशे की रोकथाम के लिए सभी विभागों के समन्वित प्रयास जरूरी : एडीसी

WhatsApp Channel Join Now
नशे की रोकथाम के लिए सभी विभागों के समन्वित प्रयास जरूरी : एडीसी


धर्मशाला, 29 मई (हि.स.)। जिला कांगड़ा में नशे की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को एनआईसी सभागार, धर्मशाला में राष्ट्रीय नार्को समन्वय पोर्टल (एनकाॅर्ड) की जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) विनय कुमार ने की। बैठक में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों और बहुआयामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए एडीसी विनय कुमार ने कहा कि जिले की 44 चिन्हित पंचायतों में विभिन्न विभागों के अधिकारी स्कूलों का दौरा कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

उन्होंने कहा कि नशे के मामलों में काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है, ताकि नशे की सप्लाई चेन तक पहुंचकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। नशे की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के अवैध कब्जों को हटाने के साथ-साथ यदि कोई सरकारी कर्मचारी ऐसी गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी विद्यालय अपने परिसरों तथा आसपास किसी भी प्रकार की नशा संबंधी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस प्रशासन को दें। साथ ही विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित कार्यशालाएं एवं परामर्श सत्र आयोजित किए जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story