धर्मशाला में 1 से 14 अगस्त तक होगी अग्निवीर भर्ती रैली

WhatsApp Channel Join Now
धर्मशाला में 1 से 14 अगस्त तक होगी अग्निवीर भर्ती रैली


धर्मशाला, 08 जुलाई (हि.स.)। भारतीय सेना द्वारा कांगड़ा और चंबा जिलों के युवाओं के लिए 1 अगस्त से 14 अगस्त तक धर्मशाला स्थित सिंथेटिक ग्राउंड में अग्निवीर सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। रैली की तैयारियों को लेकर बुधवार को मिनी सचिवालय में अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार की अध्यक्षता में सेना और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भर्ती रैली के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने एसडीएम एवं तहसीलदार धर्मशाला को रैली का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए सभी विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित विभागों को अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था, वाटरप्रूफ टेंट, वाहन पार्किंग, पुलिस कंट्रोल रूम की स्थापना, अतिरिक्त बसों की उपलब्धता, चिकित्सक एवं एम्बुलेंस की तैनाती, सफाई व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पेयजल, विद्युत तथा इंटरनेट सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने खेल, शिक्षा व तकनीकी शिक्षा अधिकारियों को भर्ती प्रमाण-पत्र सत्यापन हेतु भर्ती स्थल पर सक्षम अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिये ताकि अभ्यर्थियों को कोई असावधानी न हो।

मौसमी चुनौतियों से पार पाने के लिए विभाग करें तैयारी

विनय कुमार ने कहा कि मानसून के मौसम को देखते हुए सभी विभाग अपनी तैयारियों की अग्रिम जांच कर लें, ताकि किसी भी चुनौती या आपात स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर और पुख्ता हों, जिससे भर्ती प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सके।

अतिरिक्त उपायुक्त ने सेना अधिकारियों को आश्वस्त करते हुए जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सेना के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें, ताकि भर्ती रैली शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो।

बैठक में सेना की ओर से कर्नल विशाल शाह, मेजर अखिल एस. नायर, प्रदीप सिंह एवं सूबेदार मेजर नीरज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story