जयसिंहपुर अस्पताल में जल्द मिलेगी डायलिसिस सुविधा : यादविंदर गोमा

WhatsApp Channel Join Now
जयसिंहपुर अस्पताल में जल्द मिलेगी डायलिसिस सुविधा : यादविंदर गोमा


धर्मशाला, 05 जुलाई (हि.स.)। आयुष, कानून तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने रविवार को जयसिंहपुर उपमंडल के गांव जलाड़ी एवं नाहलना में आयोजित विभिन्न जनसभाओं में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सड़क की टारिंग का कार्य हाल ही में पूरा किया गया है जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर को भी बदल दिया गया है ताकि लोगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

यादविंदर गोमा ने कहा कि गांव तरिंडा तक सड़क निर्माण कार्य के लिए 9 लाख रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं जिसका कार्य जल्द ही आरम्भ किया जाएगा तथा निर्धारित समय में पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पालमपुर से सरीमोलग तक बस सेवा का संचालन भी शीघ्र आरंभ करने के प्रयास किए जाएंगे जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने जलाड़ी गांव में खेल मैदान के निर्माण के लिए आवश्यक आकलन शीघ्र तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर अस्पताल में जल्द ही डायलिसिस की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त हाल ही में अस्पताल में चार चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है तथा नई एक्स-रे मशीन भी स्थापित कर दी गई है जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

इसके उपरांत गांव नाहलना में आयोजित जनसभा के दौरान आयुष, कानून तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाहलना में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) की उपलब्धता शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा पानी के टैंक का निर्माण आगामी दो से तीन माह के भीतर शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने श्मशान घाट के कार्य के लिए 2 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story