जमा दो की मेरिट में बेटियों का दबदबा, टॉप 10 में 99 लड़कियां और 22 लड़के शामिल
धर्मशाला, 04 मई (हि.स.)।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा सोमवार को घोषित जमा दो तीनों संकायों, कला, विज्ञान व कॉमर्स के परीक्षा परिणाम में लड़कियों ने दबदबा बनाया है। लड़कियों ने जमा दो के परिणाम में तीनों संकायों की मेरिट में लड़कों से चार गुणा अधिक स्थानों पर कब्जा जमाया है। तीनों संकायों की टॉप टेन मेरिट में 121 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है, जिनमें 99 लड़कियां और 22 लड़के शामिल हैं। पिछले लंबे समय से दसवीं व जमा दो के परीक्षा परिणाम में लड़कियां दबदबा बनाती आई हैं। यह सिलसिला इस बार घोषित जमा दो के परिणाम में भी जारी रहा। इस बार भी राज्य भर में बेटियों ने एक बार फिर देवभूमि में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
सरकारी व निजी स्कूलों में रही कांटे की टक्कर
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित जमा दो तीनों संकायों के परिणाम में सरकारी व निजी स्कूलों में कांटे की टक्कर देखने को मिली है। तीनों संकायों की मेरिट के 121 स्थानों में से 61 पर सरकारी व 60 पर निजी स्कूल रहे हैं।
गौरतलब है कि पूर्व में घोषित परिणामों में निजी स्कूलों का दबदबा रहा है। हालांकि इस बार एक ही स्थान पर सरकारी स्कूलों ने निजी से बढ़त बनाई है, लेकिन यह कहना गलत न होगा कि इस बार सरकारी स्कूलों के बच्चों ने बेहतर प्रदर्शन किया है, जिसमें बोर्ड के प्रयासों को भी नकारा नहीं जा सकता।
पिछले वर्षों से बेहतर रहा परिणाम
पहली बार कोविड काल को छोड़कर अब तक के इतिहास में हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड का बेहतरीन परिणाम रहा है। वर्ष 2023 में 79.06 प्रतिशत, 2024 में 74.05, 2025 में 83.16, व 2026 में 92.02 प्रतिशत रिजल्ट रहा है। इस बार बोर्ड की ओर से बड़े सुधार परीक्षा प्रणाली में किए गए थे। जिसमें तीनों ही प्रश्र पत्र सीरीज में एक जैसे ही प्रश्र आगे-पीछे करके दिए गए थे, जबकि एमसीक्यू के 20 फीसदी प्रश्र भी शामिल किए गए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

