मैट्रिक और जमा दो की अनुपूरक परीक्षाएं शुक्रवार से, शिक्षा बोर्ड ने पूरे किए इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
मैट्रिक और जमा दो की अनुपूरक परीक्षाएं शुक्रवार से, शिक्षा बोर्ड ने पूरे किए इंतजाम


धर्मशाला, 02 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में शुक्रवार से 10वीं और जमा दो की अनुपूरक परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही विशेष अवसर वाले विद्यार्थियों के लिए भी परीक्षा देने का मौका मिला है। उधर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही मैट्रिक एवं जमा दो की अनुपूरक परीक्षाओं के सुचारू, निष्पक्ष एवं नकलमुक्त संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों अथवा नकल जैसी गतिविधियों से दूर रहकर अपनी परीक्षा ईमानदारी एवं आत्मविश्वास के साथ दें।

बोर्ड अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों, अभिभावकों एवं आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी परीक्षा केंद्र पर नकल अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता की सूचना प्राप्त होती है, तो उसकी जानकारी तत्काल शिक्षा बोर्ड को उपलब्ध करवाई जाए। ऐसी सूचनाओं को पूर्ण गोपनीयता के साथ लिया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

डॉ. शर्मा ने सभी परीक्षार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ दी गई परीक्षा ही सफलता का आधार बनती है। उन्होंने विद्यार्थियों से बिना किसी तनाव के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सम्मिलित होने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story