कांगू में वाहन पासिंग के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, दो लोगों ने पुलिस में की शिकायत

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 10 नवंबर (हि.स.)। मंडी जिले के उपमंडल सुंदरनगर के कांगू स्थित अधिकृत परिवहन केंद्र में वाहन पासिंग करवाने आने वाले वाहन मालिकों से निर्धारित सरकारी फीस से अधिक राशि वसूलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में दो वाहन मालिकों ने पुलिस उप अधीक्षक सुंदरनगर को अलग-अलग लिखित शिकायतें सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार वे अपने वाहनों की पासिंग करवाने के लिए कांगू स्थित अधिकृत परिवहन केंद्र पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें वाहन की फीस जमा करवाने के लिए केंद्र के नजदीक स्थित एक चाय-पान की दुकान पर भेजा, जहां फोटोस्टेट मशीन भी लगी हुई है। दुकान संचालक ने ऑनलाइन माध्यम से फीस की रसीद काटी और इस प्रक्रिया के दौरान मोबाइल फोन पर आए ओटीपी भी परिवहन केंद्र के कर्मचारियों द्वारा दुकान संचालक को बताए जा रहे थे।

शिकायतकर्ता दीक्षित ठाकुर निवासी जुगाहन ने आरोप लगाया कि दुकान संचालक ने उनसे कुल 8,800 रुपए वसूले, जबकि उन्हें केवल 3,900 रुपए की सरकारी फीस की रसीद दी गई। वहीं, दूसरे शिकायतकर्ता कुलदीप चंद ने अपनी जीप की पासिंग के लिए 6,000 रुपए देने और बदले में मात्र 2,808 रुपए की फीस रसीद मिलने का आरोप लगाया है। दोनों शिकायतकर्ताओं ने अपनी शिकायतों में आशंका जताई है कि उक्त दुकान पर वाहन पासिंग करवाने आने वाले अन्य वाहन मालिकों से भी इसी तरह निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक राशि वसूली जा रही हो सकती है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि दुकान संचालक की पत्नी ने बताया कि परिवहन विभाग के अधिकृत केंद्र से शाम के समय कुछ व्यक्ति दुकान पर आते हैं और पैसे लेकर चले जाते हैं। शिकायतकर्ताओं ने इसे परिवहन केंद्र के कर्मचारियों और दुकान संचालक के बीच संभावित मिलीभगत का मामला बताते हुए इसकी जांच की मांग की है। दोनों वाहन मालिकों ने डीएसपी सुंदरनगर से मांग की है कि ऑनलाइन फीस कटौती, भुगतान रिकॉर्ड और ओटीपी प्रक्रिया की जांच की जाए। साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि अब तक कितने वाहन मालिकों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक राशि वसूली गई है।

शिकायतकर्ताओं ने अपनी अतिरिक्त वसूली गई राशि वापस दिलाने तथा परिवहन केंद्र के कर्मचारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच करवाने का आग्रह किया है। इस मामले के सामने आने के बाद वाहन पासिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता और आम जनता से सरकारी फीस के नाम पर होने वाली कथित अतिरिक्त वसूली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यदि शिकायतों में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला अन्य वाहन मालिकों से जुड़ी बड़ी अनियमितता का रूप ले सकता है। फिलहाल दोनों शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story