नारी शक्ति वंदन विधेयक का विरोध कांग्रेस की महिला विरोधी सोच का परिचायक: कमलेश कुमारी

WhatsApp Channel Join Now
नारी शक्ति वंदन विधेयक का विरोध कांग्रेस की महिला विरोधी सोच का परिचायक: कमलेश कुमारी


हमीरपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने मंगलवार को हमीरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन विधेयक का विरोध विपक्ष की महिला विरोधी मानसिकता को उजागर करता है।

कमलेश कुमारी ने कहा कि जो दल वर्षों से महिलाओं को अधिकार, सम्मान और भागीदारी देने की बात करते रहे, आज वे अपने वास्तविक स्वरूप में सामने आ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल केवल वोट बैंक की राजनीति करते हैं और महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने के प्रति कभी गंभीर नहीं रहे।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की हैं। नारी शक्ति वंदन विधेयक इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण और परिवर्तनकारी कदम है, जो देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का रवैया यह स्पष्ट करता है कि वे महिलाओं को समान अधिकार देने के पक्षधर नहीं रहे। लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने महिला आरक्षण को केवल चुनावी मुद्दा बनाए रखा और उसे लागू करने का साहस नहीं दिखाया। अब जब भाजपा सरकार ने इस दिशा में ठोस पहल की है, तो विपक्ष उसका विरोध कर रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश की महिलाएं अब जागरूक हैं और वे उन राजनीतिक दलों को पहचान चुकी हैं, जो केवल वोट बैंक की राजनीति करते हैं। आने वाले समय में महिलाएं ऐसे दलों को उचित जवाब देंगी। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन विधेयक महिला सशक्तिकरण के नए युग की शुरुआत करेगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी को सुदृढ़ करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story