विधायक कमलेश ठाकुर ने 41 जरूरतमंदों को बांटे सहायता राशि के चेक
धर्मशाला, 21 फ़रवरी (हि.स.)। देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर ने शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री राहत कोष के अंतर्गत 41 जरूरतमंद लाभार्थियों को लगभग 5 लाख 2 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस सहायता राशि के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को चिकित्सा उपचार, विवाह सहायता तथा अन्य आकस्मिक आर्थिक कठिनाइयों से राहत प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को भी सुना तथा उन्हें आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार हर जरूरतमंद व्यक्ति के साथ मजबूती से खड़ी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को आपात परिस्थितियों में समय पर सहायता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी, पारिवारिक संकट अथवा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में यह सहायता राशि प्रभावित परिवारों के लिए संजीवनी का कार्य करती है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि जरूरतमंद परिवारों को समय रहते आर्थिक सहयोग उपलब्ध करवाकर उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा सके।
इस अवसर पर उपस्थित लाभार्थियों ने प्रदेश सरकार एवं विधायक कमलेश ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आर्थिक सहायता से उन्हें कठिन समय में राहत मिलेगी और वे अपनी आवश्यक जरूरतों को पूरा कर सकेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

