शहीदी दिवस पर कांगड़ा में निकली पदयात्रा, युवाओं ने लिया मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी का संकल्प
धर्मशाला, 23 मार्च (हि.स.)। शहीदी दिवस के अवसर पर सोमवार को मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी थीम के अंतर्गत भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत मेरा युवा भारत अभियान के अंतर्गत राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग काॅलेज, नगरोटा बगवां में पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान महान स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव थापर के अद्वितीय बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जिसके उपरांत संक्षिप्त स्मरण भाषण आयोजित किया गया। इसके बाद आयोजित पदयात्रा में बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवकों ने भाग लिया और लगभग एक किलोमीटर की दूरी तय की। पदयात्रा के दौरान युवा तिरंगा ध्वज, अभियान से संबंधित कैप एवं बैज तथा प्रेरणादायक संदेशों वाले प्लेकार्ड लेकर चले, जिनके माध्यम से राष्ट्र निर्माण में युवा, स्वतंत्रता का सम्मान करें, जिम्मेदारी निभाएं और मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी जैसे संदेश दिए गए।
पदयात्रा राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग काॅलेज से प्रारंभ होकर आसपास के क्षेत्र में निकाली गई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने, नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने तथा सामुदायिक विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत, कांगड़ा के उपनिदेशक ध्रुव डोगरा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए काॅलेज प्रशासन, शिक्षकों एवं युवा प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

