कबड्डी की स्वर्ण पदक विजेता ऋतु नेगी से सौतेला व्यवहार क्यों कर रही सुक्खू सरकार : बलदेव तोमर

WhatsApp Channel Join Now
कबड्डी की स्वर्ण पदक विजेता ऋतु नेगी से सौतेला व्यवहार क्यों कर रही सुक्खू सरकार : बलदेव तोमर


नाहन, 06 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रवक्ता एवं शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने 20वें एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्ण पदक विजेता हिमाचली खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये देने की मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की घोषणा का स्वागत करते हुए सरकार से पूछा है कि शिलाई की बेटी और भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान रही ऋतु नेगी के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है।

बलदेव तोमर ने कहा कि ऋतु नेगी ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और हिमाचल का नाम रोशन किया है। वह शिलाई की बेटी हैं और हिमाचल की उन बेटियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर देश को गौरवान्वित किया। ऐसे में जब सरकार कबड्डी में हिमाचली खिलाड़ियों की उपलब्धि के लिए एक-एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा कर रही है, तो ऋतु नेगी को इस सम्मान से बाहर रखना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी की शादी हरियाणा में हो जाने से उसकी हिमाचली पहचान और प्रदेश के प्रति उसका योगदान समाप्त नहीं हो जाता। जब बात देश के लिए पदक जीतने और हिमाचल का नाम रोशन करने की आती है, तब ऋतु नेगी शिलाई और हिमाचल की बेटी हैं। सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें पुरस्कार और सम्मान के मामले में क्यों दरकिनार किया गया।बलदेव तोमर ने कहा कि खिलाड़ियों के सम्मान में किसी भी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं होना चाहिए। सरकार को बताना चाहिए कि ऋतु नेगी की उपलब्धियों को किस आधार पर अलग रखा गया है। यदि अन्य स्वर्ण पदक विजेता हिमाचली खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है, तो ऋतु नेगी के योगदान को नजरअंदाज करने का कारण भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि ऋतु नेगी के मामले में स्थिति स्पष्ट करें और उन्हें भी उचित सम्मान एवं पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story