मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत, हर नागरिक करे अपने मताधिकार का प्रयोग : जे.पी. नड्डा

WhatsApp Channel Join Now
मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत, हर नागरिक करे अपने मताधिकार का प्रयोग : जे.पी. नड्डा


बिलासपुर, 30 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने शनिवार को पंचायती राज चुनावों में अपने गांव में मतदान करने के बाद प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए और यही एक जागरूक एवं सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। नड्डा ने शनिवार को परिवार सहित अपने गांव अमरपुर में मतदान किया।

मतदान के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए नड्डा ने कहा कि उन्हें अपने गांव में आकर मतदान करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता की सक्रिय सहभागिता में निहित है और जब नागरिक बढ़-चढ़कर मतदान करते हैं तो लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होती है।

उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। इसके माध्यम से लोग अपने गांव, क्षेत्र और प्रदेश के विकास की दिशा तय करते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की आधारशिला हैं और ग्रामीण विकास में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में इन चुनावों में अधिक से अधिक मतदान होना आवश्यक है, ताकि जनता की वास्तविक भागीदारी सुनिश्चित हो सके और लोकतांत्रिक संस्थाएं और अधिक सशक्त बन सकें।

जे.पी. नड्डा ने विश्वास व्यक्त किया कि हिमाचल प्रदेश की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए उत्साहपूर्वक मतदान करेगी और लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी सफलता का आधार जनता की सक्रिय भागीदारी है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में आज पंचायती राज के लिए अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। 26 मई को पहले और 28 मई को दूसरे चरण का मतदान हुआ है। जबकि स्थानीय निकाय और चार नगर निगमों के लिए 17 मई मतदान हुआ है। नगर निगम और ब्लॉक सीमित व जिला परिषद की मतगणना रविवार 31 मई को होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story