भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जाखू मंदिर में जे.पी. नड्डा ने की विशेष पूजा-अर्चना

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जाखू मंदिर में जे.पी. नड्डा ने की विशेष पूजा-अर्चना


शिमला, 13 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को अपने शिमला दौरे के दूसरे दिन विश्व प्रसिद्ध जाखू मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर नड्डा ने देश की समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना करते हुए भगवान हनुमान से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष पूजा-अर्चना की तथा प्रधानमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए मंगलकामना की।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान भारत ने विकास, सुशासन, सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि देश आत्मनिर्भरता, वैश्विक प्रतिष्ठा और जनभागीदारी के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा रही है। नड्डा ने भगवान हनुमान से प्रार्थना की कि भारत निरंतर विकास करता रहे और विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story