12 साल पहले हिमाचल में बड़े पुलों-सुरंगों की कल्पना भी मुश्किल थी, अब बदल रही तस्वीर : जेपी नड्डा

WhatsApp Channel Join Now
12 साल पहले हिमाचल में बड़े पुलों-सुरंगों की कल्पना भी मुश्किल थी, अब बदल रही तस्वीर : जेपी नड्डा


शिमला, 13 जून (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को शिमला जिले के शोघी में आयोजित भाजपा हिमाचल प्रदेश के कार्यक्रम 12 विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के में भाग लिया। इस दौरान कैथलीघाट से शकराल ग्राम तक बन रहे एनएच-5 फोरलेन प्रोजेक्ट (शिमला बाइपास पैकेज-1) क्षेत्र में पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि 12 वर्ष पहले किसी ने यह नहीं सोचा था कि हिमाचल प्रदेश में इतने बड़े पुलों, सुरंगों और आधुनिक सड़कों का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं और विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

नड्डा ने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में करीब 668 किलोमीटर फोरलेन सड़कों पर काम चल रहा है। इसके अलावा लगभग 48 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं विभिन्न चरणों में हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के सभी जिलों को आधुनिक हाईवे और फोरलेन सड़कों से जोड़ने का लक्ष्य है, जिससे विकास को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में हिमाचल प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया है। उन्होंने लोगों से विकास कार्यों के आधार पर सरकारों का आकलन करने की अपील करते हुए कहा कि जनता को केवल घोषणाएं करने और जमीन पर काम करने वाली सरकारों के बीच अंतर समझना चाहिए।

नड्डा ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, रेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में जो बदलाव दिखाई दे रहे हैं, वे मजबूत नेतृत्व और स्पष्ट नीतियों का परिणाम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में हिमाचल प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story