जनजातीय गौरव दिवस: स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक बिरसा मुंडा के योगदान को किया स्मरण

WhatsApp Channel Join Now
जनजातीय गौरव दिवस: स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक बिरसा मुंडा के योगदान को किया स्मरण


मंडी, 02 नवंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन मंडी द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त कार्यालय में अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने दीप प्रज्वलित कर एवं स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक बिरसा मुंडा के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का आयोजन एक नवंबर से 15 नवंबर तक मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस के तहत किया जा रहा है। इस दौरान जिला में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जनजातीय गौरव दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, गौरवशाली इतिहास एवं विरासत के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा जनजातीय नायकों के योगदान को सम्मान देना है।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने कहा कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक विरासत, परंपराएं और स्वतंत्रता संग्राम में उनके नायकों का योगदान देश की अमूल्य धरोहर है। बिरसा मुंडा का संघर्ष, साहस और समाज के उत्थान के प्रति उनका समर्पण सदैव सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। कार्यक्रम की कार्यवाही का संचालन जिला योजना अधिकारी जवाहर लाल वर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story