बर्फीले क्षेत्रों में सितंबर माह में होगा जनसंख्या गणना का दूसरा चरण, 28 फील्ड ट्रेनरों ने लिया प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
बर्फीले क्षेत्रों में सितंबर माह में होगा जनसंख्या गणना का दूसरा चरण, 28 फील्ड ट्रेनरों ने लिया प्रशिक्षण


मंडी, 19 अगस्त (हि.स.)। जनगणना-2027 के दूसरे चरण के सफल एवं प्रभावी संचालन को लेकर जिला मंडी में फील्ड ट्रेनरों की तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला बुधवार को डीआरडीए सभागार में आयोजित हुई। कार्यशाला में जनगणना कार्य से जुड़े 28 फील्ड ट्रेनरों ने भाग लिया, जिनमें जिला मंडी के 26 तथा कांगड़ा जिला के 2 फील्ड ट्रेनर शामिल रहे। ये फील्ड ट्रेनर आगामी चरण में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।

महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय से डीसीओ एवं नोडल ऑफिसर-कम-मास्टर ट्रेनर हिमांशु तथा आनंद सोनी ने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना-2027 के दूसरे चरण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। आनंद सोनी ने बताया कि जनगणना का दूसरा चरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस चरण में प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जनसांख्यिकीय, सामाजिक एवं आर्थिक जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज की जाएगी। इससे जिले की वास्तविक जनसंख्या, परिवारों की संरचना, आयु एवं लिंग, शिक्षा, रोजगार, प्रवास सहित विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक पहलुओं से संबंधित अद्यतन आंकड़े प्राप्त होंगे।

उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया में डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। इससे आंकड़ों के संग्रहण, निगरानी एवं प्रबंधन में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी तथा जनगणना कार्य को अधिक प्रभावी एवं सुचारू ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण के दौरान सटीक एवं गुणवत्तापूर्ण आंकड़े एकत्र करने, निर्धारित प्रपत्रों में सही जानकारी दर्ज करने, कार्यों का समयबद्ध निष्पादन तथा जनगणना प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षणार्थियों की विभिन्न शंकाओं का समाधान करते हुए जनगणना कार्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को उदाहरणों के माध्यम से भी समझाया गया। जिला मंडी के बर्फीले क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का दूसरा चरण सितंबर माह में करवाया जाएगा, ताकि आगामी बर्फबारी एवं कठिन मौसमी परिस्थितियों के कारण जनगणना कार्य प्रभावित न हो। इस दौरान प्रगणक निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे। जिला मंडी में स्नोबाउंड क्षेत्रों के अंतर्गत थुनाग, टिक्कन, छतरी, थाची और बगाचनोगी उपतहसील एवं तहसीलों के सभी क्षेत्रों में जनगणना कार्य किया जाएगा।

वहीं पधर, मंडी, बालीचौकी, चच्योट, निहरी, करसोग, कटौला, पांगणा और बागशाड़ तहसील एवं उपतहसील के चिन्हित क्षेत्रों में यह कार्य किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान जनगणना के विभिन्न चरणों, प्रक्रियाओं एवं कार्यप्रणाली से संबंधित विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला का उद्देश्य जिला स्तर पर जनगणना कार्य को सुचारू, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपन्न करवाने के लिए फील्ड ट्रेनरों को पूरी तरह तैयार करना रहा। बर्फीले क्षेत्रों के लिए नियुक्त सभी संबंधित फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण में उपस्थित रहे। डीसीओ एवं नोडल ऑफिसर-कम-मास्टर ट्रेनर हिमांशु ने बताया कि जिला मंडी के स्नोबाउंड क्षेत्रों के नागरिक 17 से 31 अगस्त, 2026 तक स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे और पोर्टल पर अपनी सही जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 से 30 सितंबर, 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक विवरण एकत्र करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story