जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया:दीप शिखा शर्मा
मंडी, 01 जुलाई (हि.स.)। मंडी जिला के करसोग में भारत की जनगणना से संबंधित कार्य प्रगति की समीक्षा को लेकर निदेशक जनगणना संचालन निदेशालय दीप शिखा शर्मा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों ने भाग लिया। बैठक में उन्होंने जनगणना कार्य, मकान सूचीकरण और आवास गणना कार्य में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप इस कार्य को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करना सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है, और इसके आधार पर ही विकास योजनाओं एवं नीतियों का निर्माण किया जाता है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी, प्रगणक को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और पारदर्शिता से करना होगा।
निदेशक ने कहा कि जनगणना कार्य के दौरान हर परिवार तक पहुंच सुनिश्चित की जाए और पूरी तरह से सही और पूर्ण जानकारी देने वाले विश्वसनीय आंकड़ों का संकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना अति आवश्यक है तभी सटीक आंकड़ें प्राप्त किए जा सकते है।
उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित सभी आंकड़ों एवं सूचनाओं की गोपनीयता डेटा प्राइवेसी हर स्तर पर सुनिश्चित की जाए। जनगणना अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप प्रत्येक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक का दायित्व है कि वे आंकड़ों की गोपनीयता बनाए रखें। इस अवसर पर प्रगणकों द्वारा जनगणना कार्य के क्रियान्वयन में आ रही विभिन्न समस्याएं और प्रश्न भी निदेशक के समक्ष रखे, जिनका उनके द्वारा, प्रभावी समाधान किया गया। उन्होंने जनगणना प्रक्रिया के दौरान अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली, सूचनाओं के सही संकलन तथा निर्धारित प्रपत्रों को भरने से संबंधित जानकारी भी प्रदान की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

