सिरमौर में जनगणना के लिए फील्ड ट्रेनर का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ
नाहन, 27 अप्रैल (हि.स.)। जनगणना-2027 के लिए सिरमौर जिला के लिए नियुक्त 30 फील्ड ट्रेनर को तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत जानकारी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करने के लिए 27 अप्रैल से 29 अप्रैल तक चलने वाले तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन आज बचत भवन नाहन में किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक जनगणना कार्य दीपशिखा शर्मा ने की
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने कहा कि जनगणना कार्य को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संपन्न करने के लिए इस तरह के प्रशिक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना संबंधित जानकारी पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि वह जनगणना अधिकारी को अपनी सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाए ताकि जनगणना कार्य को सटीक व अविश्वसनीय रूप से पूर्ण किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से भी आह्वान किया कि वह इस कार्य को पूर्ण निष्ठा व इमानदारी से पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
निदेशक जनगणना दीपशिखा शर्मा ने बताया कि यह जनगणना पहली बार डिजीटल माध्यम से की जा रही है। जनगणना-2027 में पहली बार स्व-गणना पद्धति प्रारंभ की जा रही है जिसमें व्यक्ति HLO मोबाइल ऐप तथा वेब पोर्टल www.census.gov.in/se के माध्यम से अपनी जानकारी 01 जून से 15 जून, 2026 तक स्वयं प्रस्तुत कर सकेंगे तथा 16 जून से 15 जुलाई, 2026 के मध्य मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी।
उन्होंने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाले अधिकारियों से कहा कि वह केवल जानकारी एकत्र करने वाले ही नहीं बल्कि भारत के विकास की बुनयादि नींव में योगदान देने वाले है। इस जनगणना के आधार पर ही देश के विकास के लिए नीति निर्माण का कार्य किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

