जम्मू-कश्मीर में 23 अप्रैल तक अधिकतर शुष्क मौसम की संभावना

WhatsApp Channel Join Now


श्रीनगर, 21 अप्रैल(हि.स.)। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने 23 अप्रैल तक पूरे जम्मू-कश्मीर में बड़े पैमाने पर शुष्क मौसम की भविष्यवाणी की है। साथ ही अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार 24 अप्रैल से मौसम की स्थिति बदलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के मुताबिक 24 और 25 अप्रैल को इस क्षेत्र में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर एक या दो बार हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर दोपहर और शाम के समय तेज़ हवाएं चलने की भी संभावना है। 26 अप्रैल को दोपहर के समय कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। 27 और 28 अप्रैल को शुष्क मौसम लौटने की उम्मीद है। महीने के अंत में 29 और 30 अप्रैल को फिर से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही दोपहर के समय तेज़ हवा चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बड़े पैमाने पर शुष्क मौसम का लाभ उठाते हुए किसानों को 23 अप्रैल तक कृषि कार्य जारी रखने की सलाह दी है। इस अवधि के दौरान कई स्थानों पर दिन के तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की भी उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story