हिमाचल में राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रही सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रही सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर


शिमला, 01 अगस्त (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार विकास के बजाय राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने में लगी है। उनके अनुसार प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है और प्रशासन का इस्तेमाल विपक्ष की आवाज दबाने के लिए किया जा रहा है।

जयराम ठाकुर ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार बनने के बाद सबसे पहले विकास कार्यों और जनहित से जुड़े कई संस्थानों को बंद किया गया। इसके बाद भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला शुरू हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, विधायक सुधीर शर्मा, विधायक होशियार सिंह, विधायक आशीष शर्मा, पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी सहित कई नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गईं या जांच एजेंसियों का दबाव बनाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा से जुड़े अन्य नेताओं, उनके परिवारों और सहयोगियों को भी विभिन्न मामलों में परेशान किया जा रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पंचायत, नगर निकाय और जिला परिषद चुनावों में भाजपा को मिली सफलता के बाद सरकार ने विजयी जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाना शुरू किया। उनके अनुसार जिला परिषद सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों और नगर निकायों के निर्वाचित सदस्यों को नोटिस देकर मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों पर भाजपा नेताओं के खिलाफ मामले तैयार करने का दबाव बनाया जा रहा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने दावा किया कि हत्या, गोलीबारी और महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसे मामलों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही, जबकि राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई में पूरी प्रशासनिक मशीनरी लगी हुई है। उन्होंने हार्मनी ऑफ पाइंस ऑर्केस्ट्रा विवाद का भी उल्लेख करते हुए कहा कि महिला पुलिस कर्मियों के आरोपों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने फोन टैपिंग और निगरानी से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच की भी मांग की।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस सरकार के कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय कुप्रबंधन, सत्ता के दुरुपयोग, प्रशासनिक हस्तक्षेप और जनविरोधी फैसलों से जुड़े मामलों का दस्तावेजी संकलन कर रही है। इसे चार्जशीट के रूप में जनता के सामने रखा जाएगा और प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। जयराम ठाकुर ने अधिकारियों से राजनीतिक दबाव से दूर रहकर निष्पक्ष तरीके से काम करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story