कांग्रेस के शीर्ष नेता भी मुख्यमंत्री सुक्खू को गंभीरता से नहीं लेते : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस के शीर्ष नेता भी मुख्यमंत्री सुक्खू को गंभीरता से नहीं लेते : जयराम ठाकुर


कांग्रेस के शीर्ष नेता भी मुख्यमंत्री सुक्खू को गंभीरता से नहीं लेते : जयराम ठाकुर


शिमला, 02 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेता भी उन्हें गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने गांधी जयंती के अवसर पर ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करने के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन योजना का शुभारंभ तय समय पर नहीं हो सका। योजना की दो अक्तूबर को प्रस्तावित लॉन्चिंग टल गई है और इसके लिए नई तारीख तय की जानी है।

जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित स्वच्छता अभियान में भी भाग लिया और सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने प्रदेश सरकार से सफाई कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, त्याग और सत्याग्रह के विचार आज भी प्रेरणा देते हैं। लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा भी देश के लिए प्रेरणास्रोत है।

अपने हालिया दिल्ली दौरे के बारे में पूछे गए सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय मंत्रियों के साथ प्रदेश से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों, सरकार के कामकाज और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से सहयोग मिलता रहता है और चल रही योजनाओं को लेकर भी फीडबैक लिया जाता है।

प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कर्मचारी हितैषी होने का दावा करने वाली सरकार के कार्यकाल में कर्मचारी और पेंशनर धरने पर बैठने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि कई दिनों से मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे जेबीटी शिक्षकों से बातचीत के लिए भी मुख्यमंत्री और मंत्रियों के पास समय नहीं है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की योजना का शुभारंभ आगे खिसकने का कारण कांग्रेस की केंद्रीय नेता प्रियंका गांधी वाड्रा का समय नहीं मिलना है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में कांग्रेस नेतृत्व से समय नहीं मिलने के कारण कार्यक्रमों और योजनाओं की तिथियां आगे बढ़ती रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का विकास कार्यों पर ध्यान नहीं है और वे अपने मित्रों की बात सुनते हैं। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि मंत्री भी अपनी शिकायतें लेकर दिल्ली जाते रहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story