मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर अब किसी को भरोसा नहीं, पुराने वादों का हिसाब दें: जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर अब किसी को भरोसा नहीं, पुराने वादों का हिसाब दें: जयराम ठाकुर


शिमला, 15 अप्रैल (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की घोषणाओं पर अब लोगों का भरोसा नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनावों के दौरान जो गारंटियां दी थीं, उनमें से अधिकतर अब तक पूरी नहीं हो पाई हैं और लोग उनसे जवाब चाहते हैं।

जयराम ठाकुर ने बुधवार को शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि सरकार दूर-दराज और कम आबादी वाले क्षेत्रों में जाकर नई घोषणाएं कर रही है, जबकि चुनावी वादे पूरे प्रदेश के लोगों से किए गए थे। उन्होंने कहा कि लाहौल, पांगी, डोडरा-क्वार और अब किन्नौर जैसे क्षेत्रों में घोषणाएं की जा रही हैं, लेकिन राज्यभर की गारंटियों को लेकर स्पष्ट प्रगति दिखाई नहीं दे रही है।

उन्होंने प्रथम और द्वितीय श्रेणी के कर्मचारियों की वेतन कटौती के फैसले को गलत बताते हुए कहा कि विपक्ष ने पहले दिन से ही इसका विरोध किया था। उन्होंने बागी विधायकों की पेंशन वापस लेने के फैसले का भी जिक्र किया और कहा कि इस मामले में हाई कोर्ट के फैसले से सरकार और सदन की गरिमा को नुकसान पहुंचा है। उनके अनुसार सरकार कई फैसले बिना पर्याप्त तैयारी और नियमों की पूरी समझ के ले रही है।

जयराम ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार व्यवस्था परिवर्तन की बात करती है, लेकिन फैसलों के कारण प्रशासनिक स्थिति कमजोर हुई है और अदालतों से भी सरकार को कई मामलों में फटकार मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी चिंता बढ़ रही है।

सरकाघाट में एक छात्रा की हत्या के मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को इस घटना पर अधिक संवेदनशीलता दिखानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता के मुद्दों को उठाता रहेगा और सरकार को अपने वादों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story