राहुल गांधी ने अपनी गैर-जिम्मेदाराना हरकतों से देश को शर्मसार किया : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी ने अपनी गैर-जिम्मेदाराना हरकतों से देश को शर्मसार किया : जयराम ठाकुर


राहुल गांधी ने अपनी गैर-जिम्मेदाराना हरकतों से देश को शर्मसार किया : जयराम ठाकुर


मंडी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग और जंजैहली भाजपा मंडल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। जहां उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों से मिलना सदैव नई ऊर्जा का संचार करता है और सभी का स्नेह, समर्पण तथा संगठन के प्रति प्रतिबद्धता जनसेवा के संकल्प को मजबूत बनाती है।

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपनी गैर-जिम्मेदाराना हरकतों से देश को शर्मसार किया है। क्योंकि स्वतंत्र भारत में ऐसा पहली बार हुआ है कि कोई नेता बिना अनुमति सुप्रीम कोर्ट के अंदर घुस गया और गेट तोड़कर अराजकता फैलाने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि ऐसे गुंडे और दिमाग से नक्सली सोच वाले नेता को ढोना कांग्रेस की मजबूरी हो सकती है देश की नहीं, जो बिना चुनाव के प्रधानमंत्री की कुर्सी पाने के लिए लालायित हैं और नरेंद्र मोदी के तीसरी बार देश का नेतृत्व करने से असहज हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस राहुल गांधी की इन हरकतों की वजह से देश में तहस-नहस हो चुकी है और देश ने भरोसा भाजपा पर जताया है। जिससे 22 राज्यों में भाजपा और सहयोगी दलों की सरकारें लोकतंत्र की चुनावी प्रक्रिया से सत्ता में है। जबकि राहुल हुड़दंग से सत्ता पाना चाहते हैं।

उन्होंने दावा किया कि आज चुनाव हो जाएं तो कांग्रेस पार्टी पहले की तुलना में और शर्मनाक तरीके से हारेगी। क्योंकि 100 से अधिक चुनावों में असफलता ने राहुल गांधी को ऐसे अराजक काम करने के लिए मजबूर कर दिया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राहुल गांधी के लिए अपना समय बर्बाद न करें और हिमाचल के विकास पर ध्यान दें। क्योंकि मुख्यमंत्री हर रोज़ दिल्ली दौड़कर सरकारी खर्चे पर कांग्रेस की रैलियों में भाग ले रहे हैं और शिमला पहुंचते ही उन्हें वापस बुला लिया जाता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को लगता है कि दिल्ली नहीं गए तो उनकी कुर्सी खतरे में पड़ जाएगी, इसलिए राहुल गांधी के डर से रोज़ उल्टे पैर वापस दिल्ली पहुंच जाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760107 Articles

Share this story