मोदी के 25 वर्ष राष्ट्र सेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के प्रतीक : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
मोदी के 25 वर्ष राष्ट्र सेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के प्रतीक : जयराम ठाकुर


कुल्लू, 07 अक्तूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को कुल्लू के ढालपुर मैदान में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने ‘सेवा ज्योति’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं दीं।

सभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस राजनीतिक दल की स्थापना के समय कुछ लोग उसका उपहास उड़ाते थे, आज उसी पार्टी का एक सामान्य कार्यकर्ता और निष्ठावान संगठनकर्ता देश का प्रधानमंत्री बनकर विश्व के लोकप्रिय नेताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि 7 अक्तूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में प्रशासनिक जीवन की शुरुआत करने वाले नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सफर जनसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का प्रतीक है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण तथा आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि इन फैसलों ने देश की दिशा को नई गति दी है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति की है और दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ा है। ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ भारत वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्ष देश में अराजकता का माहौल बनाकर एक परिवार को सत्ता में लाने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश के देवी-देवताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि देशवासी नरेंद्र मोदी को आने वाले 25 वर्षों तक भी देश का नेतृत्व करते हुए देखना चाहते हैं।

कार्यक्रम में मंडी लोकसभा सांसद कंगना रनौत, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, विधायक सुतेंद्र शौरी, विधायक लोकेंद्र सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

Share this story