स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनादेश : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनादेश : जयराम ठाकुर


स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनादेश : जयराम ठाकुर


शिमला, 18 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ स्पष्ट जनादेश बताया है।

सोमवार को शिमला स्थित भाजपा मुख्यालय दीप कमल में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ जीत का जश्न मनाते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के झूठे वादों, जनविरोधी नीतियों और कुशासन से परेशान हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है, माफिया तत्वों को संरक्षण मिल रहा है और भ्रष्टाचार ने शासन व्यवस्था को कमजोर कर दिया है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता अब कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें चुनाव परिणामों का पहले से अंदेशा था, इसी कारण सरकार चुनावों से बचती रही और न्यायालय के आदेश के बाद ही चुनाव करवाने पड़े।

जयराम ठाकुर ने कहा कि यह जीत केवल भाजपा की चुनावी सफलता नहीं, बल्कि प्रदेशवासियों के भाजपा के प्रति विश्वास और कांग्रेस सरकार के खिलाफ गहरे जनाक्रोश का प्रतीक है। जनता ने कांग्रेस सरकार की भ्रम और प्रचार की राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है।

उन्होंने इस जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों की मेहनत को देते हुए प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में भी जनता भाजपा को और अधिक समर्थन देकर कांग्रेस सरकार को करारा जवाब देगी।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमल सूद, किसान मोर्चा अध्यक्ष संजीव देष्टा, मीडिया संयोजक कर्ण नंद और शिमला जिला अध्यक्ष केशव चौहान सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story