होटल संचालन शुल्क में ढाई गुना बढ़ोतरी पर भड़के जयराम ठाकुर, फैसला वापस लेने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
होटल संचालन शुल्क में ढाई गुना बढ़ोतरी पर भड़के जयराम ठाकुर, फैसला वापस लेने की मांग


होटल संचालन शुल्क में ढाई गुना बढ़ोतरी पर भड़के जयराम ठाकुर, फैसला वापस लेने की मांग


शिमला, 23 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से होटलों के संचालन सहमति शुल्क में की गई ढाई गुना बढ़ोतरी पर सुक्खू सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटन उद्योग को राहत देने के बजाय उस पर लगातार आर्थिक बोझ डाल रही है। होटल संचालकों से पांच साल का शुल्क एकमुश्त वसूलने का फैसला अनुचित है और इससे प्रदेश के पर्यटन कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की।

शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आय के नए स्रोत विकसित करने और आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए प्रभावी योजनाएं बनाने के बजाय जनता और कारोबारियों पर नए टैक्स तथा शुल्क थोपने में जुटी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने होटलों के संचालन सहमति शुल्क में भारी बढ़ोतरी करने के साथ ही पांच साल का शुल्क एकमुश्त जमा करवाने का प्रावधान किया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह समझना चाहिए कि हिमाचल प्रदेश में अधिकांश होटल संचालक अपने होटल एक साल की लीज पर देते हैं। ऐसे में होटल संचालकों के लिए पांच साल का शुल्क एक साथ जमा करवाना मुश्किल होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल अपने कार्यकाल के दौरान अधिक से अधिक राजस्व जुटाने की कोशिश कर रही है और भविष्य की परिस्थितियों की चिंता नहीं कर रही है। मुख्यमंत्री को केवल अपना नहीं, बल्कि प्रदेश के सभी वर्गों का हित भी देखना चाहिए।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शुल्क के ढांचे में बदलाव करते हुए 10 से 13 कमरों वाले ग्रीन श्रेणी के छोटे होटलों पर बड़ा आर्थिक बोझ डाल दिया है। पहले इन होटल संचालकों को पांच साल के लिए 72 हजार रुपये शुल्क देना पड़ता था, जिसे बढ़ाकर अब 1.80 लाख रुपये कर दिया गया है। इस तरह होटल संचालकों पर पांच साल में 1.08 लाख रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। वहीं, वार्षिक शुल्क भी 14,400 रुपये से बढ़ाकर 36,000 रुपये कर दिया गया है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पर्यटन हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और प्रदेश के हजारों परिवारों की आजीविका इससे जुड़ी हुई है। अब तक प्रदेश की सभी सरकारों ने पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए हैं, लेकिन वर्तमान सरकार ऐसे फैसले ले रही है, जिनसे पर्यटन कारोबार प्रभावित हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार न केवल मौजूदा कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है, बल्कि अगले पांच वर्षों का शुल्क भी एक साथ वसूलना चाहती है।

उन्होंने कहा कि सरकार का शासन-प्रशासन का मॉडल जनता और कारोबारियों पर लगातार नए शुल्क लगाने तक सीमित होकर रह गया है। अपनी वित्तीय कमजोरियों को दूर करने और खर्चों पर नियंत्रण लगाने के बजाय सरकार ऐसे फैसले ले रही है, जिनका सीधा असर आम लोगों और छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी सरकार होम स्टे संचालकों पर विभिन्न प्रकार के टैक्स लगाने का प्रयास कर चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story