इतिहास नहीं, प्रदेश की संपत्तियां बेचने का सच बताएं मुख्यमंत्री : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
इतिहास नहीं, प्रदेश की संपत्तियां बेचने का सच बताएं मुख्यमंत्री : जयराम ठाकुर


शिमला, 12 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को इतिहास बताने के बजाय प्रदेश की जनता को यह सच बताना चाहिए कि आखिर प्रदेश की संपत्तियों को क्यों बेचा जा रहा है और प्रदेश के हितों को अपने मित्रों के लिए दांव पर क्यों लगाया जा रहा है। उन्होंने पीटरहॉफ को पीपीपी मॉडल पर देने के मामले में सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यह ऐतिहासिक संपत्ति मुख्यमंत्री के मित्रों के हवाले की जा रही है।

वीरवार काे शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने दावा किया कि 26 नवंबर के बाद पीटरहॉफ की सभी बुकिंग बंद कर दी गई हैं और पहले से की गई बुकिंग भी रद्द की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले से जुड़े आधिकारिक दस्तावेजों को सार्वजनिक करने से बच रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि 29 जनवरी 2026 को जारी पत्र में 12 जून 2026 के बाद बुकिंग नहीं करने के निर्देश दिए गए थे, जिन्हें बाद में आगे बढ़ाया गया। ऐसे में मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि यदि उन्हें इस संबंध में जानकारी है तो वह इसका खंडन क्यों कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पीटरहॉफ हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहर और पहचान का हिस्सा है। मुख्यमंत्री को याद रखना चाहिए कि आग लगने से इमारतें जलती हैं, इतिहास और पहचान नहीं। उन्होंने कहा कि पीटरहॉफ पहले भी आग की घटना के बाद दोबारा बनाया गया था। प्रदेश की धरोहरों को निजी हाथों में सौंपने के बजाय उनका संरक्षण किया जाना चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद से ही मुख्यमंत्री की नजर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटलों पर रही है। विपक्ष के विरोध के चलते सरकार को कुछ समय के लिए पीछे हटना पड़ा, लेकिन अब फिर वही प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने वाइल्ड फ्लावर हॉल की लीज का मामला उठाते हुए कहा कि सरकार ने इसे भी मनमाने तरीके से आगे बढ़ाया है। उन्होंने धारा 118 में छूट दिलाने के नाम पर सक्रिय गिरोह का जिक्र करते हुए सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि धारा 118 में बदलाव के लिए विधानसभा में दो बार किए गए प्रयासों और इन गतिविधियों के बीच क्या संबंध है।

कस्टमाइज्ड इंडस्ट्रियल पैकेज को लेकर मुख्यमंत्री की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री चाहें तो इस पैकेज को रद्द कर सकते हैं। यदि इसमें किसी प्रकार की धांधली हुई है तो उसकी जांच करवाकर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री प्रदेश के औद्योगिक विकास के मुद्दे पर एक स्टेट लीडर के बजाय रियल एस्टेट डीलर की तरह बात कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बिना औद्योगिक विकास के कोई भी राज्य तरक्की की ऊंचाइयों तक नहीं पहुंच सकता। हिमाचल प्रदेश को पहले मिले औद्योगिक पैकेजों के कारण प्रदेश में बड़े औद्योगिक क्षेत्र विकसित हुए और हिमाचल देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के प्रमुख फार्मा हब में शामिल हुआ। इससे प्रदेश को रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर मिले। औद्योगिक क्षेत्रों ने प्रत्यक्ष रोजगार के साथ-साथ रोजगार का एक व्यापक पारिस्थितिकी तंत्र भी तैयार किया है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार मेडिकल डिवाइस पार्क के प्लॉट अपने मित्रों और करीबियों को देने में लगी है, जबकि बल्क ड्रग पार्क के काम में अड़चनें पैदा की जा रही हैं। उन्होंने स्वावलंबन योजना बंद करने को भी सरकार की गलत नीतियों का उदाहरण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story