जनादेश हथियाने की साजिश रच रही सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
जनादेश हथियाने की साजिश रच रही सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर


मंडी, 23 जून (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू काम करने के बजाय साजिश रचने में माहिर हैं और हारने के बाद भी सत्ता के दुरुपयोग के माध्यम से जनादेश को हथियाने की कोशिश कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि माननीय न्यायालय के आदेश के बाद मजबूरन कराए गए स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनावों के परिणाम आए हफ्तों बीत चुके हैं, लेकिन सरकार जानबूझकर ब्लॉक समिति, जिला परिषद और अन्य निकायों में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव की तिथियां घोषित नहीं कर रही है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि भारतीय जनता पार्टी समर्थित विजयी प्रतिनिधियों पर विजिलेंस जांच, तबादलों और प्रशासनिक कार्रवाइयों का डर दिखाकर दबाव बनाया जा सके, उन्हें प्रताड़ित किया जा सके और नौकरियों का लालच देकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने के लिए विवश किया जा सके।

इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जोगिंदरनगर ब्लॉक समिति चुनाव के समय जल शक्ति विभाग में रातों-रात पद सृजित कर अपनों को समायोजित किया गया, लेकिन विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता इस कुटिल चाल का करारा जवाब देगी।

सुक्खू सरकार द्वारा ढाई हजार से अधिक जनहित के संस्थानों को अकारण बंद करने की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार पहले स्कूलों से शिक्षकों का तबादला कर देती है और फिर छात्र संख्या घटने का बहाना बनाकर स्कूलों को बंद कर देती है, जो पूरी तरह तर्कहीन है।

सरकार की फ्लैगशिप दूध खरीद योजना पर तंज कसते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रोसेसिंग क्षमता न होने के कारण किसान सड़कों पर दूध फेंकने को मजबूर हैं। जिसके बाद उन्होंने करसोग के विधायक दीपराज की उपस्थिति में नवनिर्वाचित ब्लॉक समिति सदस्यों से भेंट कर उन्हें संबोधित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story