भाजपा के गुट गिनाने के बजाय अपने चार साल के काम बताएं सीएम सुक्खू : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा के गुट गिनाने के बजाय अपने चार साल के काम बताएं सीएम सुक्खू : जयराम ठाकुर


शिमला, 21 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें भाजपा के गुटों की चिंता करने के बजाय अपनी पार्टी और सरकार पर ध्यान देना चाहिए। बुधवार को शिमला से जारी बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य और जनहित से जुड़े काम प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री न तो मंत्रिमंडल और न ही पार्टी को एकजुट रख पा रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार कल्याणकारी योजनाओं के बजाय विभिन्न सेवाओं के लिए शुल्क बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लंबे समय से गुटबाजी की राजनीति करते आए हैं और वर्तमान में भी सरकार में सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विफल रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पर मंत्रिमंडल की अनदेखी कर मित्रमंडल के माध्यम से सरकार चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के गुटों की संख्या बताने के बजाय मुख्यमंत्री को अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनानी चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने उड़ान योजना के तहत हवाई सेवाएं शुरू करने को लेकर भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार की योजना है, जिसमें व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वायबिलिटी गैप फंडिंग) का बड़ा हिस्सा केंद्र सरकार वहन करती है, जबकि राज्य का योगदान अपेक्षाकृत कम है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री केंद्र सरकार का आभार व्यक्त नहीं कर रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे कार्यों में केंद्र सरकार की आर्थिक सहायता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने राज्य सरकार से केंद्र के योगदान को स्वीकार करने की मांग की।

जयराम ठाकुर ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं, आपदा प्रभावित सड़कों और नशे की समस्या को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुई कई सड़कें अब तक बहाल नहीं हो पाई हैं और प्रदेश में नशे की समस्या गंभीर बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764601 Articles

Share this story