निकम्मी और जनविरोधी सरकार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी भाजपा : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
निकम्मी और जनविरोधी सरकार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी भाजपा : जयराम ठाकुर


शिमला, 25 जुलाई (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय चुनावों में स्पष्ट संदेश दे दिया है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अब सत्ता से बाहर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के इस जनादेश को दबाने और कुचलने के प्रयास किए गए, लेकिन कांग्रेस सरकार अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सकी।

उन्होंने कहा कि जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताया है और प्रदेश को इस निकम्मी सरकार से मुक्ति दिलाने की जिम्मेदारी भाजपा को सौंपी है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा की विशेष बैठक में निर्णय लिया गया है कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और वादाखिलाफी को लेकर पूरे प्रदेश में चरणबद्ध जनआंदोलन चलाया जाएगा। यह आंदोलन मंडल स्तर से शुरू होकर विधानसभा, जिला और प्रदेश स्तर तक पहुंचेगा।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान जनता से अनेक गारंटियां और बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा करने के बजाय जनता को निराश किया। युवाओं, महिलाओं, किसानों, बागवानों और कर्मचारियों के साथ धोखा हुआ है। भाजपा जनआंदोलन के माध्यम से इन झूठी गारंटियों और सरकार की वादाखिलाफी को जनता के सामने पूरी मजबूती से उजागर करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार ने सभी सीमाएं पार कर दी हैं। जनता पर लगातार नए टैक्सों का बोझ डाला गया है, कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर हुई है और प्रदेश में माफिया तंत्र सक्रिय हुआ है। इन सभी मुद्दों पर भाजपा गांव-गांव और चौक-चौराहों तक पहुंचेगी तथा जनता के साथ मिलकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा सत्र से पहले ही भाजपा अपने जनआंदोलन की शुरुआत करेगी। जिन स्थानों पर भाजपा सरकार के दौरान स्वीकृत और शुरू किए गए विकास कार्यों को कांग्रेस सरकार ने बंद कर दिया है, वहां जाकर जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तावित कैंडल मार्च पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में जयराम ठाकुर ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम है और उसे आयोजित करना उनका निर्णय है। भाजपा को उससे कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अत्यंत गंभीरता से लिया है और केंद्र सरकार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story