नशे के खिलाफ जनआंदोलन जरूरी, पंचायतों के लिए 3744 करोड़ मंजूर होने पर जय राम ठाकुर ने जताया आभार

WhatsApp Channel Join Now
नशे के खिलाफ जनआंदोलन जरूरी, पंचायतों के लिए 3744 करोड़ मंजूर होने पर जय राम ठाकुर ने जताया आभार


श्री आनंदपुर साहिब, 24 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने गुरुवार को पंजाब के नंगल, श्री आनंदपुर साहिब और गढ़शंकर में आयोजित नशा विरोधी यात्राओं में भाग लिया। श्री आनंदपुर साहिब में उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में शीश नवाकर अरदास की और देशवासियों के मंगल की कामना की।

जनसभाओं को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को जनआंदोलन का रूप देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है और इसे सफल बनाने के लिए सरकार के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उनके अनुसार, नशे की समस्या किसी एक राज्य तक सीमित नहीं है, इसलिए पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली जैसे राज्यों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

ठाकुर ने कहा कि पंजाब में युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान पंजाब सरकार रोजगार और केंद्र-राज्य समन्वय के मोर्चे पर अपेक्षित काम नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि तस्करों पर कठोर कार्रवाई, युवाओं के लिए रोजगार और सामाजिक भागीदारी से ही नशे के खिलाफ अभियान को मजबूती मिलेगी।

इस बीच, शिमला में जारी एक अन्य प्रेस बयान में ठाकुर ने 16वें वित्त आयोग के तहत हिमाचल प्रदेश की पंचायती राज संस्थाओं के लिए 3744 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार और पंचायती राज मंत्रालय का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 3650 से अधिक ग्राम पंचायतों को इस राशि से ग्रामीण विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त संसाधन मिलेंगे।

ठाकुर के अनुसार, 15वें वित्त आयोग के तहत हिमाचल के ग्रामीण स्थानीय निकायों के लिए 2102 करोड़ रुपये आवंटित हुए थे, जबकि 16वें वित्त आयोग में यह राशि बढ़कर 3744 करोड़ रुपये हो गई है। उन्होंने प्रदेश सरकार से धनराशि के पारदर्शी और प्रभावी उपयोग की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story