मंडी के जागृति कॉलेज में शिवाजी जयंती धूमधाम से मनाई गई

WhatsApp Channel Join Now
मंडी के जागृति कॉलेज में शिवाजी जयंती धूमधाम से मनाई गई


मंडी, 20 फ़रवरी (हि.स.)। मंडी के जागृति शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, देवधार में शिवाजी जयंती बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सरदार पटेल विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुनील ठाकुर उपस्थित रहे।

उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में शिवाजी महाराज के साहस, राष्ट्रभक्ति और आदर्श नेतृत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके पदचिन्हों पर चलने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सरदार पटेल विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राकेश शर्मा ने शिवाजी महाराज के ऐतिहासिक योगदान और उनके कुशल प्रशासन की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जागृति शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के चेयरमैन अटल राजू ने की। उन्होंने अपने संबोधन में शिवाजी महाराज के आदर्शों को वर्तमान जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. उमा शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में देशभक्ति, नेतृत्व क्षमता और नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा भाषण, कविता पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनमें शिवाजी महाराज के जीवन चरित्र और वीरता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story